उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम के गोदाम पर रविवार को डीएसओ के औचक निरीक्षण में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी मिली थी। इस पर पूर्ति निरीक्षक ने गोदाम प्रभारी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराया है।
रविवार को डीएसओ रमन मिश्रा ने गांव भीकमपुर स्थित गोदाम पर अचानक पहुंचकर स्टाक का निरीक्षण किया। यहां 45 कट्टे गेहूं और 112 कट्टे चावल और तीन क्विंटल चीनी अधिक मिली। पूछताछ में गोदाम प्रभारी सही ढंग से जवाब नहीं दे पाए। निरीक्षण के बाद डीएसओ ने मामले की रिपोर्ट डीएम ओएन सिंह को साैंप दी थी।
डीएम के निर्देश पर मंगलवार को पूर्ति निरीक्षक रामेश्वर दयाल ने थाने पहुंचकर गोदाम प्रभारी एएम सिद्दीकी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कराया। दर्ज रिपोर्ट में कहा गया है कि गोदाम पर मिली गड़बड़ी में गोदाम प्रभारी की संलिप्तता है। एसओ ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की।