बीसलपुर के जनता इंटर कॉलेज में अपराजिता कार्यक्रम में बोलती डॉ.अलका मेहरा । संवाद
बीसलपुर। राजकीय महाविद्यालय की एनसीसी ऑफिसर डॉ. अलका मेहरा ने कहा कि छात्राएं संस्कारों से जुड़कर हर स्तर पर संतुलन बनाए रखें। इसी मूलमंत्र से वे अपना जीवन सफल बना सकेंगी। इस मौके पर छात्राओं को नारी गरिमा अक्षुण्ण रखने की शपथ भी दिलाई गई।
डॉ. अलका मेहरा मंगलवार को जनता कॉलेज में आयोजित अमर उजाला के अपराजिता 100 मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि छात्राओं को आवेश में नहीं आना चाहिए। उन्हें संयम रखकर आगे बढ़ना है। छात्राएं उत्साह और हिम्मत बनाए रखें। वे जब पढ़ेंगी, तभी आगे बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि हर महिला अपने आप में अपराजिता होती है, उसे अपनी शक्ति पहचाननी होगी। समस्याओं से घबराएं नहीं, उनका सामना करें। गलतियों से बचें और उन्हें दोहराएं नहीं। पढ़ाई का मतलब केवल नौकरी तलाश करना नहीं होता, बल्कि स्वयं को जागरूक करना होता है। छात्राएं अपने भीतर आत्मिक तेज और आत्मिक बल पैदा करते हुए अपने लक्ष्य की ओर बढ़ें। नारी सब कुछ कर सकती है, लेकिन उसे हिम्मत नहीं हारनी है।
प्रधानाचार्य प्रवीण सक्सेना ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि छात्राएं पढ़ लिखकर ही आगे बढ़ सकती हैं। प्रत्येक दशा में विनम्रता बनाए रखें। सभी लोगों से अच्छा व्यवहार करें। प्रवक्ता तेजप्रकाश ने कहा कि छात्राओं को ताइक्वांंडो का प्रशिक्षण प्राप्त करना चाहिए। प्रवक्ता सत्यपाल ने कहा कि कुछ परिवारों में लड़का और लड़की में फर्क किया जाता है, जो गलत है। कार्यक्रम में पलक और राखी ने भी विचार रखे। संचालन प्रवक्ता भुवनेश सिंह ने किया।
बीसलपुर के जनता इंटर कॉलेज में अपराजिता कार्यक्रम में बोलती डॉ.अलका मेहरा । संवाद