लखीमपुर के थाना मोहम्मदी के गांव इटोरा निवासी मुदित दीक्षित की रिश्तेदारी दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में है। शुक्रवार को वह अपनी रिश्तेदारी में आया था। आरोप है कि रात एक बजे गांव में ही दूर की रिश्तेदारी में युवती से मिलने उसके घर चला गया। आहट होने पर लड़की के पिता और चाचा जाग गए। दोनों ने युवक की पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, तमंचे से मुदित को गोली भी मार दी गई। गोली मुदित के बाएं कंधे के नीचे लगी।
गोली की आवाज सुनकर ग्रामीण जाग गए और पुलिस को इसकी सूचना दी। पता चलने पर मुदित के रिश्तेदार भी मौके पर पहुंच गए। उसे बीसलपुर सीएचसी लेकर आया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां भी हालत में सुधार न होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मुदित के पिता रविंद्र की तहरीर पर लड़की के पिता और चाचा के खिलाफ हत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर ली। साथ ही तमंचा बरामद कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी टूटने के बाद भी मिलने पहुंचा था युवक
मुदित जिस लड़की से मिलने गया था, उससे उसकी शादी तय हो चुकी थी। लेकिन पिछले दिनों किसी कारणवश शादी टूट गई। इसके बाद भी युवक-युवती का मिलना जुलना जारी रहा। बताते हैं कि शादी दोनों के परिवार वालों की वजह से टूटी थी। लड़का-लड़की तो शादी करना चाहते थे। मुदित शादी की बात कहने के लिए ही लड़की के घर गया था।
लखीमपुर के एक युवक को उसकी रिश्तेदारी में लगने वाले दो लोगों ने गोली मारी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल व आरोपी आपस में दूर के रिश्तेदार हैं। -मनोज कुमार यादव, सीओ बीसलपुर