पीलीभीत की युवती को बरेली के एक होटल में ले जाकर युवक ने कोल्ड ड्रिंक में नशा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान आपत्तिजनक वीडियो बनाकर युवक ने पांच लाख रुपये मांगे। न देने पर वीडियो वायरल कर दिया। पीड़िता ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि शहर के दूसरे मोहल्ले में रहने वाले युवक ने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया। 11 मई 2022 को आरोपी उसे बरेली के सौ फुटा मार्ग पर स्थित एक होटल में ले गया। जहां आरोपी ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। वह बेहोश हो गई। युवक ने बेहोशी की हालत में उसके साथ दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक वीडियो बना लिया।
युवती का आरोप है कि युवक उसे ब्लैकमेल करने लगा। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। बताया कि आरोपी 13 मार्च की शाम 3.30 बजे ट्रांसपोर्ट नगर में गुरुद्वारे के पास मिला। जहां उसने धमकाते हुए पांच लाख रुपये मांगे। रुपये न देने पर वीडियो वायरल कर दिया। युवती ने मामले की शिकायत एसपी अविनाश पांडेय से कर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी अविनाश पांडेय ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सुनगढ़ी थाना और साइबर पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।