इसी मकान की दीवार गिरने से हुआ हादसा
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत में शुक्रवार आधी रात के बाद आई तेज आंधी से शहर के मोहल्ला पकड़िया में एक मकान की दीवार भरभराकर गिर गई। घर में मौजूद युवती आफरीन (30) पुत्री अबरार हुसैन व उसका भाई दीवार के नीचे दबकर घायल हो गया। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से दोनों को मलबे से निकाला। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। रास्ते में युवती की मौत हो गई। उसके भाई को अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पोस्टमॉर्टम से इनकार करते हुए परिजनों ने शव को सुपुर्दे खाक कर दिया।
छज्जा गिरने से कार क्षतिग्रस्त, जगह-जगह गिरे पेड़
आंधी और बारिश से शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति लड़खड़ा गई। शहर में छतरी चौराहे से स्टेशन जाने वाले मार्ग पर मकान का छज्जा गिरने से सड़क पर खाड़ी कार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं लगी। कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। आंधी के बाद कई इलाकों में बिजली ठप हो गई।
यह भी पढ़ें- Bareilly Murder Case: प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या... शव से लिपट खूब रोई पत्नी, राज खुला तो दंग रह गए लोग
बीसलपुर से पीलीभीत मार्ग, बरेली मार्ग, बिलसंडा मार्ग व शाहजहांपुर मार्ग पर कई स्थानों पर पेड़ भी गिरे। सुबह पेड़ों को हटाकर आवागमन बहाल कराया गया। बीसलपुर-पीलीभीत और बीसलपुर-शाहजहांपुर रेल मार्ग पर आंधी से कुछ पेड़ गिरे, जिन्हें शनिवार को तड़के हटा दिया गया।
मझोला और न्यूरिया में रात लगभग 12 बजे आंधी आने के बाद से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। मझोला-पीलीभीत मार्ग पर न्यूरिया थाने के सामने एक विशाल का पेड़ जड़ से उखाड़ कर मार्ग पर गिर गया था। जिसे आसपास के लोगों ने काटकर आवागमन सुचारू कराया।