पीलीभीत। यूपी होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को अभ्यर्थियों को सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने खूब उलझाया। अभ्यर्थियों का कहना था कि कई प्रश्न काफी अलग थे। इसलिए प्रश्न हल करने में अधिक समय लग गया। शहर के छह केंद्रों पर दोनों पालियों में हुई परीक्षा में 871 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में कड़ी निगरानी के बीच अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया गया। अफसरों ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर स्थिति को परखा।
होमगार्ड भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हुई थी। दूसरे दिन रविवार को भी पहली पाली में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक परीक्षा हुई। इसमें शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज, जीजीआईसी, सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज, एसएन इंटर कॉलेज और उपाधि कॉलेज में 384 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जबकि राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में 240 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें पहली पाली में आवंटित 2160 अभ्यर्थियों में से 1697 ने परीक्षा दी, जबकि 463 अनुपस्थित रहे। इस तरह दूसरी पाली में भी छह केंद्रों पर पंजीकृत 2160 अभ्यर्थियों में से 1752 उपस्थित रहे और 408 ने परीक्षा छोड़ दी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट के अलावा पुलिस फोर्स भी सक्रिय रहा। एएसपी विक्रम दहिया और सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी ने भी केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुबह दस बजे और दूसरी पाली में दोपहर तीन बजे परीक्षा शुरू हुई। हालांकि अभ्यर्थियों और उनके परिजनों की सुबह से दूसरी पाली की परीक्षा छूटने के बाद तक केंद्रों के बाहर भीड़ जुटी रही। केंद्र पर प्रवेश से पहले प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी और किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस या प्रतिबंधित सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं दी गई।
केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थियों का कहना था कि तैयारी के साथ परीक्षा दी, लेकिन सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने उन्हें परेशान किया। अन्य विषयों के प्रश्न बेहतर रहे। संवाद
अभ्यर्थियों के चेहरे खिले
सामान्य ज्ञान के प्रश्नों ने जरूर उलझाया, अन्य विषयों के प्रश्नों बेहतर रहे। पेपर अच्छा हुआ है। - सत्य नारायण, शाहजहांपुर
-
तैयारी के साथ पेपर दिया। अधिकांश सवाल के उत्तर हल किए। सामान्य ज्ञान के कुछ प्रश्नों ने जरूर परेशान किया। - विजय प्रताप सिंह,शाहजहांपुर
परीक्षा के बाद ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद
परीक्षा के बाद ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थी। संवाद