पीलीभीत। गोशाला में गंदगी और हरे चारे की कमी का मामला संज्ञान में आने पर नगर पंचायत कलीनगर के अधिशासी अधिकारी (ईओ) ने टीम के साथ पहुंचकर सुधार कराया। परिसर की साफ-सफाई कराई। जानवरों के खाने के लिए हरे चारे की व्यवस्था कराई।
कस्बा कलीनगर में नगर पंचायत द्वारा 1.81 करोड़ रुपये से गोशाला बनवाई थी। इसमें 165 पशु हैं। रविवार को अमर उजाला की टीम ने कलीनगर गोशाला की हकीकत परखी थी। परिसर में गंदंगी का अंबार था। पीने के पानी में काई जमी हुई थी। इसके अलावा हरा चारा पशुओं को नहीं दिया जा रहा था। गोवंश की बदहाल तस्वीर को 17 अगस्त के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया गया। इसका संज्ञान लेकर नगर पंचायत कलीनगर के ईओ लेखराज भारती सोमवार को गोशाला पहुंचे। मजदूर जुटाकर गोशाला की सफाई कराई। हौदी को भी साफ कराकर स्वच्छ पानी भरवाया। इसके अलावा हरे चारे की व्यवस्था कराई गई। मजदूर घंटों साफ-सफाई करते रहे। ईओ ने बताया कि उन्होंने बताया कि गोशाला की समस्त व्यवस्थाएं दुरुस्त कर दी गई हैं। कर्मचारियों को प्रतिदिन सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।