बीसलपुर। गोहत्या की सूचना मिलने पर पुराने स्लाटर हाउस (वधशाला) के पास पुलिस ने छापा मारा। यहां मौके से 80 किलो गोमांस बरामद कर दो तस्कर भी दबोच लिए, जबकि तीन भाग गए। पुलिस ने गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर पकड़े गए तस्करों का चालान कर दिया।
लॉकडाउन का पालन कराने में पुलिस के व्यस्त होने का फायदा उठाकर तस्कर गोहत्या कर मांस की तस्करी करने में जुटे हैं। सोमवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि नगर के बंद पड़े पुराने स्लाटर हाउस के पास कुछ तस्कर गोहत्या कर रहे हैं। इसको गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मौके पर छापा मारा। यहां पांच लोग गोवंशीय पशु की हत्या करने के बाद मांस की पैकिंग कर रहे थे। पुलिस के पहुंचते ही भगदड़ मच गई। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो तस्करों को मौके पर ही पकड़ लिया। 80 किलो मांस की बरामदगी हुई। पशु चिकित्सक को बुलाकर मांस का परीक्षण कराया गया। इसमें मांस गोवंशीय पशु का होने की पुष्टि हुई। कोतवाल केशव कुमार तिवारी ने बताया कि दरोगा हरीशंकर यादव की तरफ से मोहल्ला ग्यासपुर निवासी नईम, इदरीश, कामिल, नन्हें और हसीब पर गोहत्या निवारण अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है। मौके से गिरफ्तार किए गए तस्कर नईम और इदरीश का चालान कर दिया है। उधर, गोमांस पकड़े जाने का पता लगते ही सीओ लल्लन सिंह भी कोतवाली पहुंचे और तस्करों से पूछताछ की। उन्होंने कोतवाल को भागे हुए तस्करों की जल्द धरपकड़ के निर्देश दिए।