पीलीभीत। ऑपरेशन क्लीन अभियान में 15 हजार के इनामी बदमाश और चेन स्नैचर फुरकान को कोतवाली पुलिस तीन दिन पहले ही जेल भेज चुकी है। अब दूसरी सफलता दियोरियाकलां कोतवाली पुलिस को मिली है। दियोरिया कला पुलिस ने कई दिनों से वांछित चल रहे पांच-पांच हजार के इनामी दो शातिर गोमांस तस्करों को पकड़कर जेल भेज दिया। पुलिस की सख्ती से बदमाशों और गोतस्करों में भय का माहौल बनने लगा है।
बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी शानू पुत्र हनीफ और लाला उर्फ अजीज पुत्र भूरे गोमांस तस्कर हैं। शानू पर आठ तो लाला पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अपराधी गैंगस्टर एक्ट में भी वांछित थे। काफी प्रयासों के बाद भी धरपकड़ न होने पर पुलिस ने इन पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। शुक्रवार सुबह ऑपरेशन क्लीन के अभियान के तहत कोतवाल संजीव कुमार उपाध्याय की अगुवाई में पुलिस टीम ने गोपनीय सूचना मिलने के बाद दबिश दी और दोनों को कस्बे से धर दबोचा। एसपी जयप्रकाश ने बताया कि दोनों अपराधियों से पूछताछ के बाद उनका चालान कर दिया गया। उसके बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है। संवाद