बीसलपुर। केंद्रीय वाणिज्य, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने आज यहां कहा कि पीलीभीत लोकसभा क्षेत्र में विकास की गंगा बहाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें भारी मतों से जिताया है, इसका कर्जा वह विकास कार्य कराकर चुकाएंगे। क्षेत्रीय समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने शनिवार को खनंका, बसारा, रढ़ैता, अमृता खास, लाड़पुर, बैरा, बौनी, रायपुर, मीरपुर ग्रंट, लुहिचा, भदारा आदि गांवों में आयोजित जनसभाओं में कहा कि लोगों को अब अपनी समस्याओं के निस्तारण के लिए अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लोग कोई भी समस्या होने पर उनसे किसी भी समय संपर्क साध सकते हैं।
उन्होंने कहा कि वह इस लोकसभा क्षेत्र में उद्योग धंधे लगवाने की योजना बना रहे हैं। इससे पहले वह यह भी सुनिश्चित कराएंगे कि नए उद्योग धंधों में इस क्षेत्र के बेरोजगारों को ही नौकरी मिले। उन्होंने कहा कि आमतौर पर होता यह है कि उद्योग धंधे लगाए जाने से संबंधित जिले के लोगों की जमीनें तो चली जाती है, लेकिन वहां के लोगों को नौकरी नहीं मिल पाती।
उन्होंने कहा कि न सिर्फ सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाया जाएगा बल्कि उनका लाभ भी दिलाया जाएगा। इस दौरान भाजपा विधायक विवेक वर्मा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, मंडल अध्यक्ष शरदपाल सिंह, आयुष मिश्रा और मुनेेंद्र सिंह के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान उन्हें ज्ञापन भी सौंपा गया, जिसपर अविनाश तिवारी और मनरेगा अनुभाग के कर्मचारियों के हस्ताक्षर थे।
ग्रामीणों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को बताई समस्याएं
जनसभाओं के दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र भी सौंपे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उनका अतिशीघ्र हल कराने का आश्वासन दिया। गांव खनंका के लोगों ने सामूहिक रूप से बिजली कटौती होने की शिकायत की। केंद्रीय मंत्री ने मौके पर मौजूद एसडीएम महिपाल सिंह को इस समस्या का तत्काल निस्तारण कराने का आदेश दिया। इसी गांव कुछ लोगों ने जलभराव की समस्या बताई। उन्होंने मौके पर मौजूद बीडीओ शिरीष वर्मा को इस समस्या को 24 घंटे में निस्तारण करने के निर्देश दिए। ब्लॉक कार्यालय के मनरेगा कर्मचारी ने उन्हें ज्ञापन देकर मानदेय बढ़वाने, हादसा होने पर मृतक आश्रित योजना का लाभ दिलाने, रोजगार सेवकों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाने, ईपीएफ कटौती की धनराशि मनरेगा कर्मचारियों के बैंक खातों में भिजवाने और एचआर पाॅलिसी तत्काल लागू कराने की मांग की।