गांधी स्टेडियम में बिना प्रशिक्षण के बास्केट बॉल खेलते खिलाड़ी। संवाद
पीलीभीत। गांधी स्टेडियम में बास्केटबॉल व बैडमिंटन का अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। जल्द ही यहां बास्केटबॉल और बैडमिंटन प्रशिक्षक की नियुक्ति होगी। लंबे समय से दोनों खेलों के नियमित प्रशिक्षक न होने के कारण खिलाड़ियों को व्यवस्थित प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा था। अब जिला खेल विभाग ने दोनों खेलों के प्रशिक्षकों की तैनाती के लिए खेल निदेशालय प्रस्ताव भेजा है। प्रशिक्षकों की नियुक्ति होने से खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिलने के साथ प्रतियोगिताओं की तैयारी भी सुचारु रूप से हो सकेगी।
गांधी स्टेडियम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में खिलाड़ी विभिन्न खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। स्टेडियम में बास्केटबॉल और बैडमिंटन की सुविधाएं उपलब्ध हैं, लेकिन लंबे समय से दोनों खेलों के लिए नियमित प्रशिक्षक तैनात नहीं हैं। ऐसे में नए खिलाड़ी वरिष्ठ खिलाड़ियों के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे हैं, जिससे उनके खेल में तो सुधार हो रहा है, लेकिन प्रतियोगिता के लिए प्लेटफॉर्म बिना प्रशिक्षक के नहीं मिल पा रहा है। दोनों खेलों के इस बढ़ी समस्या को देखते हुए बास्केटबॉल और बैडमिंटन प्रशिक्षकों की नियुक्ति के लिए खेल विभाग से निदेशालय में प्रस्ताव भेजा गया है।
इनकी नियुक्ति के बाद दोनों खेलों में खिलाड़ियों को अभ्यास ही नहीं मिलेगा, बल्कि दूसरे जिले से लेकर प्रदेश तक की सभी प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग करने के रास्ते खुलेंगे। जिला क्रीड़ाधिकारी राजेश गौड़ ने बताया कि प्रस्ताव भेजा गया है, जल्द प्रशिक्षक मिलने की उम्मीद है। संवाद