शवयात्रा को लेकर पानी से गुजरते लोग। स्त्रोत सोशल मीडिया
पीलीभीत। शहर से सटी जोशी कॉलोनी के लोगों की बदहाली बुधवार को उस समय सामने आ गई, जब एक महिला की अंतिम यात्रा को जलभराव व कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। कॉलोनी में निकास का पक्का रास्ता न होने से परिजन और स्थानीय लोगों को शव लेकर गंदे पानी के बीच से होकर श्मशान घाट तक पहुंचना पड़ा। इस दुर्दशा को लेकर लोगों में जिम्मेदारों के खिलाफ आक्रोश है।
कॉलोनी निवासी मेघनाथ की पत्नी गंगादेई का मंगलवार शाम निधन हो गया था। बुधवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग अंतिम यात्रा लेकर निकले। कॉलोनी से बाहर जाने वाले एकमात्र कच्चे रास्ते पर गंदा पानी भरा होने के कारण शवयात्रा को पटरी के किनारे से होकर निकालना पड़ा। रास्ते में कीचड़ और जलभराव के चलते लोगों को काफी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलोनी के लिए निकास मार्ग बनवाने की मांग लंबे समय से की जा रही है। कई बार जिम्मेदार अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। संवाद