पीलीभीत। युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने ही दोस्त के साथ दुष्कर्म किया। बाद में सभी उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर वहां से भाग गए। युवक की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली के एक मोहल्ले के रहने वाले युवक ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि 12 फरवरी को उसका दोस्त रात करीब 8:30 बजे उसके घर पहुंचा और घूमने की बात कहकर उसे खकरा पुलिस चौकी के पीछे खाली मैदान में ले गया। जहां पहले से ही उसके दो अन्य साथी मौजूद थे। युवक शराब पीने के लिए पैसे देने की बात कहने लगे। युवकों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
बाद में उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी युवक व उसके साथी जान से मारने की धमकी देते हुए उसे मरणासन्न हालत में छोड़कर चले गए। जैसे-तैसे वह अपने घर पहुंचा। लोक लज्जा के चलते पहले तो उसने मामले की किसी को जानकारी नहीं दी। हालत गंभीर होने पर उसने परिजनों को पूरा वाकया बताया। इसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर युवक व उसके अन्य दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।