पीड़ित ने दर्ज कराई रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। बैंक का कर्जा माफ कराने के बहाने जालसाज ने एक परिवार से पहले नजदीकियां बढ़ाई और बाद में गृह स्वामिनी को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कोतवाली के एक गांव के ग्रामीण ने बताया कि 20 दिसंबर 2023 को वह स्वयं पर चल रहे 85 हजार रुपये ऋण के संबंध में बात करने भूमि विकास बैंक बीसलपुर में आया। बैंक में उसकी मुलाकात एक युवक से हुई। उसने अपना नाम सत्यपाल राणा और स्वयं को एक संगठन का ब्लॉक अध्यक्ष बताया।
सत्यपाल राणा ने उसका मोबाइल फोन नंबर ले लिया और कहा कि वह उसका कर्जा माफ करा देगा। इसी बहाने सत्यपाल राणा ने उसकी गैर मौजूदगी में उसके घर आकर उसकी पत्नी से नजदीकियां बढ़ानी शुरू कर दीं। ग्रामीण को इसकी भनक भी नहीं लगी। 26 दिसंबर को ग्रामीण एक जरूरी काम से बरेली गया। उसकी गैर मौजूदगी में सत्यपाल उसकी पत्नी को बहला फुसलाकर ले गया। पत्नी अपने साथ छोटा बच्चा भी ले गई।
वह घर लौट कर आया, तब उसे पूरे मामले की जानकारी हुई। उसने अपनी पत्नी और सत्यपाल से फोन पर बात करने का प्रयास किया, लेकिन फोन स्विच ऑफ निकला। कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस उपनिरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि ग्रामीण की तहरीर पर सत्यपाल के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। रिपोर्ट में ग्रामीण ने अपनी पत्नी के साथ कोई अनहोनी होने की आशंका जताई है।