एसपी के निर्देश पर हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बीसलपुर। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार की शाम धोखाधड़ी, जालसाजी और अमानत में खयानत डालने के आरोप में तीन ग्रामीणों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली।
हिंदुस्तान सोनालिका ट्रैक्टर एजेंसी बीसलपुर के मालिक प्रमोद कुमार ने बताया कि उन्होंने दो दिसंबर को दियोरिया कोतवाली के गांव जसूपुर जमुनिया निवासी वीरेंद्र के हाथ एक ट्रैक्टर बेचा था। वीरेंद्र ने कुछ पैसा नकद जमा कर दिया था। अगले दिन फाइनेंस कराने की बात कह कर वीरेंद्र ट्रैक्टर लेकर चला गया।
इस मामले में गांव जसूपुर जमुनिया के ही सोमपाल और थाना बिलसंडा के गांव लिलहर निवासी अवनीश गवाह थे। इसके बाद वीरेंद्र और गवाहों को कई बार बुलाया गया लेकिन वे लोग नहीं आए। प्रमोद ने उनके घर अपना कर्मचारी भी भेजा फिर भी वे लोग नहीं आए। प्रमोद को जब विश्वास हो गया कि उन लोगों ने धोखाधड़ी से ट्रैक्टर हड़प लिया है, तब प्रमोद ने कोतवाली में मामले की नामजद तहरीर दी।
पुलिस द्वारा रिपोर्ट दर्ज न करने पर प्रमोद ने पुलिस अधीक्षक अतुल शर्मा को प्रार्थना पत्र दिया । कोतवाली के वरिष्ठ पुलिस उप निरीक्षक रणजीत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धोखाधड़ी और अमानत में खयानत डालने के आरोप में तीनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।