शहर में करीब सवा करोड़ की लागत से शहीद रामस्वरूप पार्क और ब्रहमचारी घाट के सुंदरीकरण समेत 35 विकास कार्य कराए जाएंगे। नगर पालिका परिषद बोर्ड की बैठक में इन प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।
नगर पालिका सभागार में शुक्रवार को चेयरमैन प्रभात जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक हुई। सदन की कार्यवाही शुरू होने पर सदस्य अनूप कुमार और देवी सिंह ने दिन में स्ट्रीट लाइटें जलने का मुद्दा उठाया। कुश कुमार वर्मा ने ज्वालादेवी मंदिर के समीप नाले पर हुआ अतिक्रमण न हटाने पर नाराजगी जताई। कहा, सात बैठकों में मामला रखने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। अध्यक्ष ने पुलिस के सहयोग से नालों को खुदवाने के निर्देश दिए। बैठक में सदस्यों को वार्डों में होने वाले विकास कार्यों की सूची पढ़कर सुनाई गई। अध्यक्ष ने बताया कि इसमें 27 वार्डों में होने वाले विकास कार्य के अलावा शहीद रामस्वरूप पार्क और ब्रहमचारी घाट के सुंदरीकरण समेत 35 काम शामिल है। स्टीमेट तैयार हो चुका है। इसे जल्द ही जिला प्रशासन के पास स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। सदस्यों ने सर्वसम्मति से इसे पास कर दिया, लेकिन सदस्य गोकुलप्रसाद मौर्य ने अपने वार्ड में कोई खास विकास कार्य न होने की बात कहते हुए नाराजगी जताई। सुभाष सोनकर ने वार्ड में एक नाला निर्माण की बात कही। अध्यक्ष ने दोनों मामलों में जेई को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रशिक्षु एसडीएम अंबरीष कुमार बिंद ने योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर लेखाकार वीके त्रिपाठी, जेई सोमप्रकाश, सदस्य इकबाल हजरत, वेदप्रकाश, मनोज कुमार, पुष्पा उपाध्याय, कंचन सक्सेना, नीतू अवस्थी आदि सदस्य मौजूद रहे।
इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
- शहीद रामस्वरूप पार्क, ब्रहमचारी घाट के सुंदरीकरण समेत 35 विकास कार्य
- मलिन बस्तियों में 20 और सामान्य बस्तियों में दस हैंडपंप लगेंगे
- टाउनहाल की रंगाई पुताई और मरम्मत कराई जाएगी
- बिजली के सामान की खरीद-फरोख्त होगी
- नालों की सफाई कराई जाएगी