जहानाबाद। बरेली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर निसरा गांव के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें तीन की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की मदद से 112 पुलिस और 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में निसरा गांव निवासी कुबेर (30) पुत्र छत्रपाल और पीलीभीत के आसाम चौराहा निवासी विशाल (32) पुत्र रोहताश घायल हो गए। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार रामपुरा मिश्र गांव निवासी कमलजीत (24) पुत्र हेमराज और राजेश (24) पुत्र बालकराम भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कमलजीत और राजेश को चाचा-भतीजा बताया जा रहा है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जोरदार थी कि चारों लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायलों की मदद की और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने ग्रामीणों के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। तीन घायलों की हालत नाजुक बताई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि हादसे की जांच कराई जा रही है।