अमरिया। भरा पचपेड़ा स्थित औद्योगिक क्षेत्र में यूपीसीडा कार्यालय में घुसकर परियोजना प्रबंधक समेत तीन अधिकारियों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पुराने लेनदेन और ठेकेदारी कार्य से जुड़ा विवाद शामिल है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामले में यूपीसीडा के परियोजना प्रबंधक आशीष कुमार सिंह ने 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आरोपी कार्यालय में जबरन घुस आए और प्रोजेक्टर मैनेजर आसीम माजी, उप प्रबंधक आशीष कुमार और उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने जांच के दौरान बरेली जिले के थाना कैंट क्षेत्र निवासी संतोष पटेल, थाना भुता क्षेत्र के राजीव और रिंकू व बिथरी चैनपुर निवासी इंद्रेज को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पता चला कि संतोष पटेल ड्रिलिंग और पानी की पाइपलाइन बिछाने के ठेकेदारी कार्य से जुड़ा हुआ है। वह पहले यूपीसीडा के उप प्रबंधक आशीष कुमार के साथ साझेदारी में भी काम कर चुका है। पुलिस जांच में दोनों पक्षों के बीच पुराने लेनदेन को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। वहीं, संतोष, राजीव और रिंकू आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने कार्यालय परिसर में लगे कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो व्यक्ति कार्यालय के अंदर प्रवेश करते हुए दिखाई दिए हैं। पुलिस अन्य संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।
थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा। संवाद