जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर झूलते और जर्जर बिजली तारों का सर्वे कराने और आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक हुए पिता-पुत्र
हादसे में जान गंवाने वाले सज्जन खां और उनके पुत्र सुब्हान के घर सोमवार को मातम पसरा रहा। रविवार रात पोस्टमॉर्टम के बाद दोनों के शव घर पहुंचे। सोमवार सुबह से ही मोहल्ले और शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे। दोपहर करीब 12 बजे नम आंखों और गमगीन माहौल के बीच पिता-पुत्र को मोहल्ले के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी ने पूरे क्षेत्र को भावुक कर दिया।