पीलीभीत। आरोपी ने वर्क वीजा पर मलयेशिया भेजने के नाम पर पीड़ित से चार लाख रुपये ले लिए। मलयेशिया पहुंचने पर टूरिस्ट वीजा की जानकारी हुई। आरोप है कि एजेंट ने एक्सचेंज (बदली गई मुद्रा) 80 हजार रुपये की धनराशि छीन ली। किसी तरह वहां से वापस आकर आरोपी से रुपये मांगे तो धमकी दी जाने लगी। पीड़ित ने डीएम-एसपी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव भिखारीपुर निवासी दिलकश ने डीएम और एसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा है कि मई 2025 में बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नवादा निवासी युवक उसके घर आया। युवक ने उसे व गांव के ही अफरोज को मलयेशिया में नौकरी लगवाने के बदले पांच लाख रुपये खर्च होने की बात कही। दोनों ने उसे फोन-पे के माध्यम से चार लाख रुपये दे दिए।
तीन जून 2025 को आरोपी ने दोनों को मलयेशिया भेज दिया। जहां पहुंचकर पता चला कि उन्हें वर्क वीजा के बजाय टूरिस्ट वीजा पर भेजा गया है। आरोप है कि उनके एजेंट ने दोनों के एक्सचेंज किए हुए 80 हजार रुपये छीन लिए और पासपोर्ट छीनने का भी प्रयास किया। किसी तरह दोनों आठ जून को घर आए। इसके बाद आरोपी के घर जाकर रुपये मांगे। इस पर आरोपी, उसके भाई और एक अन्य ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।