जहानाबाद। थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ भतीजी को अस्पताल ले जाने की बात को लेकर एक ही परिवार के कुछ लोगों में मारपीट हो गई। इसमें चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम पुरैना निवासी सुरेंद्र पाल ने थाना पुलिस को दी तहरीर में कहा है कि उसकी भतीजी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। दो अगस्त की रात करीब आठ बजे उसने अपने ही परिवार के विनोद से भतीजी को मानसिक चिकित्सालय ले जाने की बात कही थी। आरोप है कि इस बात पर विनोद ने गालीगलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर जब पत्नी उषा देवी, मां कटोरी देवी और भाभी कुसुम देवी बीच-बचाव के लिए पहुंचीं, तो आरोपी ने अपने पुत्र विवेक के साथ मिलकर सभी के साथ मारपीट की। घटना में सभी घायल हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद