पीलीभीत। शहर की बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए बंच केबल डालने का काम किया जा रहा है। इसके चलते शहर के तीन मोहल्लों के 400 परिवारों की बिजली सात घंटे गुल रही। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कत आई।
शहर में जगह-जगह झूल रहे बिजली के तारों को सही करने के सिलसिले में बंच केबल डाला जा रहा है। रोजाना अलग-अलग स्थानों पर केबल को डालकर वहां की बिजली व्यवस्था को दुरुस्त कराया जा रहा है।
रविवार को शहर के छोटी मार्केट, साहूकारा और आसिफ जान में बंच केबल डलवाया गया। इसके चलते यहां के करीब चार सौ परिवारों को बिजली नहीं मिल सकी। भीषण गर्मी होने की वजह से लोगों के इंवर्टर भी डाउन हो गए। इसके साथ ही पानी की किल्लत भी रही।
सुबह 11 बजे से शाम साढ़े छह बजे तर बिजली गुल रही। इसके बाद भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी रहा। वहीं शहर के एकता नगर, अशोक कॉलाेनी, नई बस्ती, राजीव कॉलोनी, सुरभि कॉलोनी, सिविल लाइंस साउथ, मधुवन कॉलोनी, निरंजनकुंज कॉलोनी आदि जगहों पर बिजली कटौती का सिलसिला जारी रहा। जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी हुई।
जेई जहांगीर आलम ने बताया कि केबल पड़ने के चलते तीन मोहल्लों की बिजली प्रभावित रही। अन्य जगहों पर छोटी दिक्कतें रही। जिन्हें तत्काल सही करा लिया गया।