पीलीभीत। टाइगर रिजर्व की माला रेंज में वन विभाग की टीम ने गश्त के दौरान शिकारियों के गिरोह को दबोचने में बड़ी सफलता पाई। टीम ने मौके से चार शिकारियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नर चीतल का मांस, खाल, सींग, कुल्हाड़ी, बंका और अन्य उपकरण बरामद किए। वहीं तीन आरोपी घने जंगल और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए। पकड़े गए आरोपियों को विभागीय केस दर्ज कर जेल भेजा गया है।
माला रेंज की ओर से दर्ज किए गए विभागीय केस में बताया कि शुक्रवार शाम लगभग साढ़े सात बजे वन दरोगा सुमित कुमार, वन रक्षक सचिन सिंह और हृदेश कुमार पटेल भैरों बीट के माला कक्ष संख्या 128 सी में गश्त कर रहे थे।
इस दौरान सूचना पर घेराबंदी की गई, इसमें सात लोग चीतल का शिकार कर मांस के साथ जंगल से बाहर निकल रहे थे। घेराबंदी में चार व्यक्ति दबोच लिए गए। जबकि तीन भाग हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शिवकुमार उर्फ छोटे पुत्र गिरधारी, भूरा पुत्र गया प्रसाद निवासी भैरों कला थाना माधोटांडा, रीतराम पुत्र भोले राम निवासी ग्राम संडई, रामपाल पुत्र राम विलास निवासी ग्राम हरनाई थाना खुटार, जिला शाहजहांपुर के रूप में हुई।
इनके पास से प्लास्टिक बैग में करीब एक किलो चीतल का मांस, एक बंका, एक कुल्हाड़ी, नर चीतल की खाल व सींग बरामद किए गए। वहीं, मौके से एक बाइक भी जब्त की गई।
वहीं, भागे हुए आरोपियों में मातादीन पुत्र भगवानदास, छत्रपाल पुत्र लुकई निवासी ग्राम भैरों कला थाना माधोटांडा, नेमचंद्र पुत्र बुलाकी राम निवासी ग्राम खुर्द कला, माधोटांडा शामिल बताए जा रहे हैं।
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि भागे हुए आरोपियों की तलाश में दबिश जारी है। इस सफलता को वन्यजीव संरक्षण की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। शिकारियों को पकड़ने में रेंजर रोबिन कुमार सिंह, वन दरोगा राम भरत यादव, वनरक्षक बाबूराम वनरक्षक की भी अहम भूमिका रही।