होली पर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने को खाद्य विभाग ने छापेमार कार्रवाई शुरू कर दी है। इस दौरान शहर, जहानाबाद, बरखेड़ा से मावा, बर्फी और लौज के नमूने लिए।
जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश गुप्ता के नेतृत्व में खाद्य टीम ने सोमवार को शहर में मिठाई की दुकानों की चेकिंग की। इसमें पार्थ स्वीट्स और एटा स्वीट्स से मावा के नमूने लिए। इसके बाद टीम ने जहानाबाद पहुंचकर दुकानों की जांच की। यहां मिठाई की एक दुकान से बर्फी का नमूना लिया।
अंत में टीम ने बरखेड़ा में छापेमारी कर दूध की लौज का नमूना लिया। खाद्य विभाग की इस छापेमारी से मिष्ठान विक्रेताओं में हड़कंप मचा रहा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि त्योहार पर मिलावट रोकने को अभियान चलाया जा रहा है। नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।