फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख की सातों सीटों पर सपा का कब्जा

Sun, 07 Feb 2016 11:33 PM IST
पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
जिला पंचायत के बाद अब ब्लाक प्रमुख चुनाव में भी सपा ने अपना दबदबा कायम रखा। जिले की सभी सात सीटों पर उसने कब्जा कर लिया है। पहले चार सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन के बाद तीन सीटों पर हुए चुनाव में पूरनपुर से राजप्रीत कौर, बरखेड़ा से अनीता देवी और बीसलपुर से तारावती गंगवार ने जीत दर्ज कर की है। शाम को डीएम मासूम अली सरवर ने कैंप कार्यालय में सभी नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।
विज्ञापन

ब्लाक प्रमुख चुनाव में मरौरी से राज्यमंत्री हेमराज वर्मा के अनुज अरुण वर्मा, ललौरीखेड़ा से पूर्व ब्लाक प्रमुख सत्यपाल गंगवार के पुत्र प्रवीन गंगवार, अमरिया से वर्तमान ब्लाक प्रमुख कौशर जहां और बिलसंडा से सुमनदेवी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। शेष तीन विकास खंडों पूरनपुर, बरखेड़ा और बीसलपुर में एक से अधिक नामांकन होने के कारण रविवार को चुनाव कराया गया। सपा ने ये तीनों सीटें भी अपने नाम करने में कामयाबी हासिल की। ब्लाक प्रमुख की सभी सीटें जीतने पर सपाइयों में हर्ष की लहर दौड़ गई। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जाहिर की। तीनों चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुख जिलाध्यक्ष आनंद सिंह यादव, पूरनपुर विधायक पीतमराम के साथ डीएम के कैंप कार्यालय पहुंचे जहां डीएम ने सभी नवनिर्वाचित ब्लाक प्रमुखों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

चुनाव परिणाम एक नजर में
ब्लाक        विजेता    /प्राप्त मत    उपविजेता/प्राप्तमत    
पूरनपुर    राजप्रीत कौर/208    रेखा देवी/46
बरखेड़ा    अनीता देवी/82    मोनिका गौतम/02
बीसलपुर    तारावती गंगवार/60    रंजना गंगवार/24

इन चार सीटों पर बने निर्विरोध प्रमुख
अमरिया   अरुण वर्मा
ललौरीखेड़ा   प्रवीन गंगवार
अमरिया       कौसरजहां
बिलसंडा        सुमन देवी


राजप्रीत ने रेखा को 162 वोटों से हराया
पूरनपुर। ब्लाक प्रमुख चुनाव में सपा प्रत्याशी राजप्रीत कौर ने निकटतम प्रतिद्वंदी रेखा देवी को 162 वोटों से पराजित कर चुनाव जीत लिया है। कुल छह प्रत्याशियों में दो को अपना वोट तक नहीं मिला। सपा की जीत पर समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया।
विज्ञापन

सबसे बड़े ब्लाक में प्रमुखी के चुनाव में कुल छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। रविवार को हुए चुनाव में शत प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। एआरओ/कृषि उपनिदेशक एके सिंह ने बताया कि 274 वोटरों ने मतदान किया। मतगणना में 11 मत निरस्त पाए गए। राजप्रीत कौर ने सर्वाधिक 208 मत प्राप्त कर अपनी निकटतम प्रतिद्दंदी रेखा देवी को 162 वोटों से पराजित कर दिया। इसके अलावा मनप्रीत कौर को छह, परवीन जहां को तीन वोट मिले जबकि बिलकीस और सुनीता देवी को कोई वोट नहीं मिला। राजप्रीत कौर की जीत पर उनके समर्थकों ने जश्न मनाया। चुनाव जीतने के बाद अपनी पहली प्रतिक्रिया देते हुए राजप्रीत ने कहा बिना भेदभाव के ब्लाक क्षेत्र में विकास कार्य कराया जाएगा।

संयुक्त मोर्चा टूटने ही साफ हो गई थी जीत
 पूरनपुर। सपा प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों ने एकजुट होकर संयुक्त मोर्चे का गठन कर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया था, लेकिन तीन दिन बाद ही संयुक्त मोर्चा में विघटन हो गया। इससे राजप्रीत की जीत का रास्ता साफ हो गया था। ब्लाक प्रमुख चुनाव लड़ने को मैदान मेें उतरे अधिकांश प्रत्याशी सपा का टिकट हासिल करने की दौड़ में थे। सपा से राजप्रीत कौर को प्रत्याशी घोषित होने पर अन्य प्रत्याशी सपा प्रत्याशी को हराने को एकजुट हुए। इन प्रत्याशियों ने संयुक्त मोर्चा का गठन कर प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया ताकि किसी  तरह से सपा प्रत्याशी को हराया जा सके,  लेकिन तीेन दिन बाद ही संयुक्त मोर्चा की अगुवाई करने वाले प्रत्याशी अर्शी असलम के पिता असलम कुरैशी राजप्रीत कौर के पाले में चले गए। असलम कुरैशी के सपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने की घोषणा की। संयुक्त मोर्चा में बिखराव होते ही राजप्रीत कौर की जीत का रास्ता साफ होना माना जा रहा था। हालांकि मोर्चा के अन्य सदस्यों ने तयशुदा नीति के तहत रेखा देवी का नामाकंन कराया, लेकिन चुनाव में संयुक्त मोर्चा के प्रत्याशी को करारी हार का सामना करना पड़ा।

मतदान केंद्र में बेहोश होकर गिरी वोटर
पूरनपुर। मतदान केंद्र में वोट डालकर निकली बीडीसी सदस्य सुंदरपुर निवासी दुर्गा देवी अचानक बेहोश होकर परिसर में ही गिर गई। ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मियों ने दुर्गा देवी को बमुश्किल संभाला। सीओ राजेश्वर सिंह ने उन्हें अस्पताल भिजवाने को गाड़ी मंगवाई लेकिन इससे पहले उन्हें आ गया।

आब्जर्बर की मौजूदगी में हुई मतगणना
पूरनपुर। मतदान के दौरान करीब ढ़ाई बजे आब्जर्बर मतदान केंद्र पहुंचे। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कार्य उनकी मौजूदगी में हुआ। परिणाम की घोषणा होने के बाद वह पीलीभीत रवाना हुए।

वाहनों से ढोए गए वोटर
पूरनपुर। नब्लाक प्रमुख चुनाव में वोटरों को मतदान केंद्र तक वाहनों से ढोया गया। इतना ही नहीं पूरी तरह से स्वस्थ्य और कुछ शिक्षित लोगों सहित 31 वोटरों के साथ हेल्पर मतदान को पहुंचे। मीडिया से दूरी तो रखी गई, लेकिन ऐसे कई कर्मचारियों व सत्ता से जुड़े कई लोगों बिना पास के इंट्री दी गई जिनका मतदान से कोई ताल्लुक नहीं था।

ब्लाक प्रमुख पद पर तारावती का पुन: कब्जा
बीसलपुर। ब्लाक प्रमुख के चुनाव में सपा प्रत्याशी तारावती गबवार ने 60 मत प्राप्त कर प्रतिद्वंदी रंजना गंगवार को 36 मतों से पराजित किया। रंजना गंगवार को मात्र 24 मत मिले। तीन बजे तक मतदान के बाद मतगणना शुरू हुई। एआरओ/डीएसओ रमन मिश्रा ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। इसमें तारावती को 60 और रंजना को 24 मत मिले। तारावती की जीत की घोषणा होते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। समर्थक उन्हें ब्लाक से आवास तक जुलूस के रूप लेकर पहुंचे। यहां जमकर जश्न मनाया। एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।

अनीता ने हासिल की एकतरफा जीत
बरखेड़ा। ब्लाक प्रमुख चुनाव में सपा की अनीता देवी ने अपने प्रत्याशी मोनिका गौतम को एक तरफा शिकस्त दी। कुल पड़े 84 वोटों में उन्हें 82 मत मिले जबकि मोनिका को मात्र दो वोट मिले। ब्लाक प्रमुख चुनाव में दो प्रत्याशियों ने सपा से अनीता देवी और निर्दलीय के रूप में मोनिका गौतम ने नामांकन कराया था। मतदान से एक दिन पूर्व मोनिका गौतम एवं उनके प्रस्ताव व अनुमोदक महिला बीडीसी सदस्यों के पतियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने का असर चुनाव में साफ दिखा और पूरा चुनाव एक तरफा हुआ। यहां कुल 87 मतदातों में 84 ने मतदान किया। इसमें अनीता को 82 और मोनिका गौतम को दो मत मिले। दो बीडीसी सदस्यों क्रमश: लक्ष्मी देवी और रूपदेई ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया।

कट्टर की रही अहम भूमिका
बरखेड़ा ब्लाक प्रमुख चुनाव के लिए सपा की ओर से प्रभारी बनाए गए नरेंद्र मिश्रा उर्फ कट्टर की रणनीति कामयाब हुई। प्रत्याशी घोषित होते ही वह सपा के पक्ष में एकतरफा चुनाव कराने में जुट गए थे। लगभग सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों से संपर्क कर उन्हें अपने पाले में लेने की भी कोशिश की। पहले तो उन्होंने वहां अपना निर्विरोध उम्मीदवार जितवाने का प्रयास किया, लेकिन जब मोनिका देवी ने अपना नामांकन करा दिया तो उन्होंने कुछ इस तरह राजनीतिक गोटियां बिछाईं जिससे प्रतिद्दंदी उम्मीदवार मोनिका बुरी तरह चुनाव हार गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें