ग्राम पंचायत और जिला पंचायत का चुनाव पूरा होने के बाद अब ब्लाक प्रमुख के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई हैं। 18 जनवरी को अधिसूचना जारी होने की संभावना को देखते हुए प्रमुख के उम्मीदवार जहां सदस्यों की मनुहार में जुट गए हैं वहीं पार्टी से टिकट हथियाने को नेताओं की परिक्रमा कर रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के बाद अब सभी की निगाहें ब्लाक प्रमुख के चुनाव पर लगी हैं। इसमें भी सत्ताधारी पार्टी का अन्य पार्टियों से मुकाबला होगा। लेकिन इससे सत्ताधारी पार्टी में टिकट हासिल करने को मारा मारी मची है। एक-एक ब्लाक से कई कई प्रत्याशी अपनी ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं। वर्तमान ब्लाक प्रमुख जहां पुन: काबिज होने के प्रयास में हैं वहीं नए नेता भी कुर्सी पाने को हर हथकंडा अपनाने को तैयार घूम रहे हैं। दावेदार अपने करीबी मंत्रियों के साथ ही पूरनपुर विधायक से भी संपर्क साधने में जुटे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भी ब्लाक प्रमुख के कई संभावित प्रत्याशियों ने टिकट मिलने की उम्मीद पर काफी दौड़ भाग की थी। सपा के साथ भाजपा में भी कमोवेश ऐसी स्थिति है। 14 जनवरी को जिला पंचायत अध्यक्ष के शपथग्रहण में भी दावेदारों के चेहरे दिखाई देंगे।