पीलीभीत में शनिवार की सुबह छाया कोहरा।संवाद
पीलीभीत। करीब 10 दिन बाद शनिवार को कोहरे ने फिर तराई को अपने आगोश में ले लिया। सुबह नौ बजे तक जिला कोहरे की चादर में लिपटा रहा। वहीं कोहरे ने वाहनों की रफ्तार भी थाम दी। इसके बाद धूप खिली, लेकिन सर्द हवा ने लोगों को कंपकंपा दिया। दिन भर ठंड का अहसास हुआ। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।
जिले में ठंड का असर प्रतिदिन बढ़ने लगा है। तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। शनिवार को ठंड का अधिक अहसास हुआ। कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लगाया और सर्द हवाओं ने लोगों को घरों में दुबके रहने पर मजबूर किया। हालांकि सूर्य की किरणों से कोहरे की चादर ज्यादा देर तक रुक नहीं सकी। सुबह आठ बजे दृश्यता 40 से 50 मीटर रही।
इसके बाद धूप खिल आई। मगर सर्द हवा चलने से गलन बनी रही। शाम होते ही ठंड का असर फिर बढ़ गया। इससे सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। बाइक सवार गर्म कपड़े पहनने के साथ ही धीमी गति से जाते नजर आए। कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि शनिवार को अधिकतम 22.7 और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम 23.7 और न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री दर्ज किया गया था।
अधिक तापमान से होगा फसलों को फायदा
कृषि वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि कोहरे और तापमान का गिरना रबी सीजन की फसलों के लिए फायदेमंद है। अगर सर्दी न हुई तो गेहूं और अन्य फसलों के उत्पादन पर असर पड़ेगा। बताया कि न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहना ही फसलों के लिए लाभकारी है।
सर्दी में रखें सेहत का खास ख्याल
बदलते मौसम में खुद की सेहत का खास का ख्याल रखने की जरूरत है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि
बाहर निकलने पर ऊनी कपड़े जरूरी पहनें। टोपी या मफलर से कान व सिर ढक कर रखें। गर्म पानी का सेवन करें। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर सचेत रहें।
पीलीभीत में शनिवार की सुबह छाया कोहरा।संवाद