पीलीभीत। पिछले तीन दिनों से हो रही झमाझम बारिश से शहर से लेकर देहात तक बाढ़ जैसे हालात हैं। शहर के निचले इलाकों में जलभराव होने से घरों में पानी घुस गया है। शहर की सड़कें पानी से लबालब हैं। जनजीवन पूरी तरह से अस्तव्यस्त हो चुका है।
आम हो या खास, बरसात सब पर आफत बनकर टूटी है। शहर की पॉश कॉलोनी अशोक नगर, बल्लभ नगर, राजाबाग, स्टेशन रोड से लेकर सुनगढ़ी, बुजकसाबना, गैस चौराहा, चावला चौराहा, मोहल्ला बसीर खां, साहूकारा, लोहा बाजार आदि इलाकों में सड़कें पूरी तरह से पानी में डूब गईं हैं। यहां सड़कों पर दो-तीन फुट पानी चल रहा था। निचले इलाकों में पानी घरों में घुस गया है। लोग काफी परेशान हैं। बादल छाए रहने के कारण दिन में भी लोगों को गाड़ियों की लाइटें जलानी पड़ीं। बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। दिन भर बारिश व ग्राहक न आने के कारण अधिकतर दुकानें बंद रहीं।
देहात में तो हालात और भी ज्यादा खराब रहे। माधोटांडा, बरखेड़ा, न्यूरिया समेत विभिन्न इलाकों के कई गांवों में पानी भर जाने से लोग काफी परेशान रहे। माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर तीन स्थानों पर पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए यातायात रुक गया। एक पेड़ जमुनिया गांव के पास गिरा। जंगल मार्ग और देवीपुरा के पास भी पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। विभागीय कर्मचारियों और ग्रामीणों की मदद से गिरे पेड़ को मार्ग से हटाया गया।
--
माधोटांडा में नालियां चोक होने से घरों में घुसा पानी
पीलीभीत। माधोटांडा गांव में नालियों की सफाई न होने से बारिश ग्रामीणों के लिए आफत बन गई। नाले और नालियों की सफाई न होने से गांव के अधिकांश इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। वार्ड नंबर एक, दो और तीन में जलभराव की समस्या से लोग परेशान दिखे। कई घरों के अंदर पानी घुस गया। लोगों का घरेलू सामान भीग गया। संवाद
--
सड़क पर पहुंचा अमेंडी नदी का पानी
बरखेड़ा। तीन दिन से हो रही बारिश से अमेंडी नदी का जलस्तर बढ़ने से गांव करोड़ से दौलापुर को जाने वाले मार्ग पर जलभराव हो गया। पानी भरा होने से मार्ग पर आवागमन में लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। गांव करोड़ से दौलापुर के दो सौ मीटर दूरी पर अमेडी नदी है। बारिश होने से नदी का जलस्तर बढ़ने करीब एक किलोमीटर लंबाई में मार्ग पर पानी भर गया। संवाद