बीसलपुर। माला नदी के पुल के ऊपर बाढ़ का पानी बहने लगा है। इससे पुल से आवागमन ठप हो गया है। नदी पार के इलाके के 50 से अधिक गांवों की 70 हजार से ज्यादा आबादी की परेशानी बढ़ गई है।
गांव रंभोजा के पास माला नदी का पुल काफी नीचा है। इससे नदी में बाढ़ आते ही पानी पुल के ऊपर बहने लगता है। एक सप्ताह पूर्व माला नदी में बाढ़ का पानी आ गया था। अब यह पानी पुल के ऊपर लगभग दो फुट की ऊंचाई में बहने लगा है। इससे पुल से गुजरने वाला आवागमन ठप हो गया है। नदी पार के 50 से अधिक गांवों के लोगों को ब्लॉक और तहसील मुख्यालय तक आने के लिए मानपुर चौराहा होकर आना पड़ता है। इसमें उनके समय और पैसे का नुकसान होता है।
इन गांवों के बाशिंदों को हो रही दिक्कत
माला नदी के पुल पर पानी आने से रंभोजा, पैनिया हिम्मत, कटैइया, इलाबांस, लमौआ, पकड़िया, दियोरिया, खरदहाई, खरदाह, मधवापुर, अजान, बसई पुरैना, दियोहना, गोपालपुर, पट्टी, बसेंगा, हिम्मतपुर, पिपरेैइया, खपटिया, रामनगर, जगतपुर, पैंतबोझी, रहमानगंज, मीरपुर रतनपुर, मिंतरपुर, लक्ष्मणपुर, मोहम्मदपुर, किशनपुर, बुहिता, मकरंदापुर, भगौतीपुर, अकोड़ा, जमुनिया महुआ, बल्देवपुर, रायपुर फाजिल और मुड़िया भगवंत समेत 50 से अधिक गांवों की 70 हजार से अधिक आबादी को आवागमन संबंधी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गांव रंभोजा के पास माला नदी के पुल पर पानी बहने लगा है। जानकारी मिली है कि इससे आवागमन भी ठप है। पुल से पानी हटते ही समस्या का समाधान हो जाएगा। - आशुतोष कुमार, तहसीलदार बीसलपुर।