कलीनगर। नगरिया खुर्द कला में शारदा नदी किनारे चल रहे बाढ़ नियंत्रण कार्य की गुणवत्ता पर ग्रामीणों के विरोध के बाद रविवार को सिंचाई विभाग हरकत में आया। सहायक अभियंता की मौजूदगी में ठोकर संख्या 28 और 29 पर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया।
शनिवार को ग्रामीणों ने अनियमितता का आरोप लगाते हुए काम रुकवा दिया था। उनका आरोप था कि वायर क्रेट (तार के जाल में भरे पत्थर) निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार नहीं डाले जा रहे थे। प्रधान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कार्यस्थल पर अधिकारी की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने करोड़ों रुपये के कार्य की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका जताई थी। शिकायत के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। रविवार को सहायक अभियंता राम अवध स्वयं मौके पर पहुंचे और वायर क्रेट की निगरानी की। उनकी मौजूदगी में काम आगे बढ़ा और विभाग ने नियमित निगरानी का आश्वासन दिया।