मिशन इंद्रधनुष के तहत स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन इसमें आंगनबाड़ी वर्करओं द्वारा सहयोग न मिलने की शिकायत आ रही है। इस पर डीपीओ ने कार्यक्रम में सहयोग न करने वाली आंगनबाड़ी वर्कर के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।
बच्चों को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव-गांव टीकाकरण कराया जा रहा है। इसमें स्वास्थ्य विभाग के साथ आंगनबाड़ी वर्कर और सहायिकाओं की ड्यूटी भी लगाई गई है, साथ ही कार्य की निगरानी के लिए टीमें भी निरीक्षण कर रही हैं। क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्थानों पर वर्कर एवं सहायिका उपस्थित नहीं मिल रही हैं। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले कुछ दिनों की रिपोर्ट तैयार कर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को भेजी है। इस रिपोर्ट को गंभीरता से लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी राजकपूर ने सभी सीडीपीओ को पत्र भेजाकर क्षेत्र में निरीक्षण करने और लापरवाही मिलने पर संबंधित आंगनबाड़ी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। डीपीओ ने बताया कि टीकाकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त रिपोर्ट पर कार्रवाई कराई जाएगी।