बीसलपुर। बीते 24 घंटों में कोतवाली क्षेत्र के पांच स्थानों पर हुए हादसों में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।
मोहल्ला ग्यासपुर निवासी सलीम रविवार को देर शाम बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में धर्मकांटे के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर वह घायल हो गए। मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी नानू रविवार को देर शाम बाइक से ईदगाह चौराहे पर जा रहे थे l रास्ते में बस स्टैंड चौराहे पर बंगाली बाबा मंदिर की ओर से आई तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आकर घायल हो गए।
कोतवाली क्षेत्र के गांव करनपुर निवासी रामावतार सोमवार को सुबह गांव से बाइक से आ रहे थे l रास्ते में गुलैंदा चौराहे पर सफोरा की ओर से आई बाइक की चपेट में आकर वह घायल हो गए। कोतवाली क्षेत्र के गांव अर्जुनपुर निवासी देवेंद्र कुमार सोमवार को सुबह बाइक से नगर को आ रहे थे l रास्ते में कासिमपुर मोड पर संतुलन बिगड़ने से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बरेली के थाना भुता के गांव सैगई निवासी प्रमोद कुमार सोमवार को दोपहर में अपने गांव से नगर के लिए बाइक से आ रहे थे। रास्ते में गोबल मोड़ पर सामने अचानक आए कुत्ते को बचाने की कोशिश में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया । हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।