पीलीभीत के पूरनपुर क्षेत्र के गांव तकिया दीनारपुर में मैक्रोनी खाने से दंपती समेत पांच लोगों की हालत बिगड़ गई। उल्टियां होने पर परिवार के चार लोगों को एंबुलेंस से सीएचसी लाया गया। जबकि एक महिला को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बाद सभी की हालत ठीक होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।
गांव तकिया दिनारपुर निवासी रामभजन की पुत्री सीता देवी की शादी गाजीपुर कुंडा निवासी बागेश के साथ हुई थी। सीता देवी ने बताया कि कुछ दिन पहले वह पति के साथ मायके आई थी। मंगलवार को सुबह नाश्ता में खाने को उसने मैक्रोनी बनाई। पति बागेश के अलावा उसने पिता रामभजन, मां लक्ष्मी देवी, भाई सुमित को खाने को मैक्रोनी दी।
चक्कर आने से गिरे पिता
कुछ ही देर बाद सभी की तबियत बिगड़ने लगी। उल्टियां और बार-बार शौच जाना पड़ा। हालत खराब होने पर चक्कर आने से उसके पिता के सिर में चोट लग गई। एंबुलेंस से उसे, उसके पति, पिता और भाई को सीएचसी लाया गया। जबकि उसकी मां लक्ष्मीदेवी को प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया।
इलाज के बाद सभी की हालत में सुधार हो गया और दोपहर बाद उन्हें घर भेज दिया गया। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. अनिकेत गंगवार ने बताया कि फूड प्वॉजनिंग से परिवार के सदस्यों की हालत बिगड़ी थी। उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।