दो सगे भाइयों की हत्या में गिरफ्तार पांच अन्य आरोपी। संवाद
अमरिया। कस्बे में रामलीला मेला कमेटी के हिसाब-किताब को लेकर हुए तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। बुधवार को मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को जेल भेजने के बाद बृहस्पतिवार को पुलिस ने पांच और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें दो नामजद और तीन विवेचना के दौरान प्रकाश में आए आरोपी शामिल हैं। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजा जा चुका है। अमरिया कस्बे में 12 अक्तूबर की रात रामलीला मेला कमेटी के रुपये के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद फायरिंग और मारपीट हुई थी। इसमें अंकित गुप्ता और वहां से गुजर रहे 15 वर्षीय कुनाल श्रीवास्तव की मौके पर ही मौत हो गई थी। गंभीर रूप से घायल अंकित के भाई मोहित गुप्ता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। घटना में रोज गुप्ता भी घायल हुए थे। पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट में दोनोंं भाइयों की गोली लगने की मौत की बात स्पष्ट हुई थी। दो भाइयों की हत्या के मामले में पुलिस ने मृतक अंकित के भाई रोहित गुप्ता की तहरीर पर सात नामजद समेत 13 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। बुधवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता, उसके चाचा संतोष कुमार गुप्ता और संतोष के पिता नरेश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। इनके कब्जे से लाइसेंसी राइफल, अवैध तमंचा, कारतूस और घटना से संबंधित कार बरामद की गई थी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में दर्ज रिपोर्ट में शामिल छह अज्ञात आरोपियों में से तीन की पहचान राकेश अरोरा, आशू उर्फ आशीष अरोरा और नीलकमल उर्फ विक्की मौर्य के रूप में हुई है। इनके साथ ही नामजद आरोपी हर्षित गुप्ता और रचित गुप्ता को भी गिरफ्तार किया गया है।
पांचों को बृहस्पतिवार को माधौपुर रोड स्थित शराब भट्ठी के पास से पकड़ा गया। पुलिस घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है। सीओ सदर नताशा गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद भेज दिया गया। पूरे मामले में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।