पीलीभीत। जिले में लूट और चोरी की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। पिछले तीन दिन में कुंडल, चेन और बाइक लूट को मिलाकर पांच घटनाएं हुईं। चोर भी घरों के ताले तोड़ रहे हैं। शहर की वल्लभनगर कालोनी में हुई करीब 50 लाख रुपये की चोरी की घटना के खुलासे में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। सीसी कैमरे खंगालने और जल्द खुलासे का दावा करने वाली पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। बदमाश लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
एक जैसी घटनाएं, लूट का तरीका भी मिलता-जुलता
19 से 21 फरवरी के बीच जिले में कुंडल लूट की तीन घटनाएं हुई। इन घटनाओं के साथ ही वारदात को अंजाम देने का तरीका भी काफी हद तक मिलता-जुलता है। कुंडल लूट की पहली घटना करेली थाना क्षेत्र के गांव ढकपुरा की है।
गांव निवासी आकाश ने दर्ज कराई प्राथमिक में बताया था कि 19 फरवरी की दोपहर में उसकी पत्नी सरिता गांव के बाहर राजवाह से लगी सड़क के पास चारागाह की जमीन पर रखे सूखे उपले उठा रही थी। इसी समय बाइक सवार दो बदमाशों ने पत्नी के दोनों कुंडल लूटकर भाग गए। शनिवार की दोपहर बाइक बाइक सवार बदमाशों ने बरखेड़ा के गांव अधकटा निवासी गंगादेई के कान के कुंडल लूट लिए थे। शनिवार की देर शाम बदमाश ने मोहल्ला वल्लभनगर में सफाई कर रही सफाई कर्मचारी मंजू के गले चेन लूट ली और भाग गया।
बदमाशों ने घात लगाकर लूटीं बाइकें
पिछले तीन दिनों में बाइक लूट की दो घटनाएं हुईं। 19 फरवरी की रात भी बाइक लूट की एक घटना सामने आई थी। थाना जहानाबाद क्षेत्र के ग्राम गौनेरा वदी निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वह अपने ममेरे भतीजे कपिल के साथ नवाबगंज से घर लौट रहा था। तभी शाही रोड पर ग्राम महताब नगर के पास नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने धारदार हथियार से हमला कर पुष्पेंद्र को घायल कर दिया था। 21 फरवरी की रात बदमाशों ने कुकरीखेड़ा निवासी रवि को निशाना बनाया।
चोर समेट ले गए थे 50 लाख का माल
16 फरवरी की चोरों ने सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की वल्लभनगर कॉलोनी निवासी चिरंजीव के बंद पड़े मकान को निशाना बनाया था। गृहस्वामी और परिवार के सदस्य पुत्री का जन्म होने पर बरेली के एक निजी अस्पताल गए थे। मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर में घुसे चोर नकदी और जेवरात समेत करीब 50 लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए थे। करीब एक सप्ताह बीतने के बाद भी पुलिस खाली हाथ है। संवाद