पीलीभीत। देवीपुरा गोशाला में गोवंशों के शव उतराते मिलने के बाद डीएम ने सख्ती बरती है। अब जिले के सातों ब्लॉकों में संचालित गोशालाओं में पांच-पांच सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर वहां सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही हलका लेखपाल व सचिव को भी गोशालाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए है।
13 अगस्त को देवीपुरा गोशाला में मृत पशुओं के शव उतराते हुए मिले। मामले की जानकारी लगने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने वहां पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। हंगामे की सूचना पर प्रशासनिक अफसरों ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया। डीएम ने मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर सचिव राकेश शर्मा को निलंबित करते हुए प्रधान को नोटिस जारी किया।
अब डीएम ने गोशालाओं को लेकर सख्ती बरती है। गोशालाओं में गंदगी की वजह से जलभराव की समस्या रहती है। इससे पशुओं को परेशानी होती है। डीएम ने जिले सातों ब्लॉकों में संचालित 55 गोशालाओं में पांच-पांच सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। यह कर्मचारी नियमित गोशाला में पहुंचकर वहां रोजाना साफ-सफाई करेंगे। जिससे वहां जलभराव व गंदगी की समस्या न रहे। इसके अलावा हलका लेखपाल व सचिव को नियमित रूप से निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी डीपीआरओ डॉ.प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सभी कर्मचारियों को गोशालाओं का चयन कर उन्हें आदेश भेज दिया गया है।