पीलीभीत। होमगार्ड्स एनरोलमेंट की परीक्षा को देखते हुए परीक्षार्थियों की सहूलियत के लिए रोडवेज डिपो की ओर से बदायूं के लिए पांच बसों का संचालन किया जाएगा। इसके साथ ही शाहजहांपुर मार्ग पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे, जिससे यहां से आने-जाने वाले यात्रियों को किसी तरह की कोई समस्या न हो।
स्थानीय डिपो से करीब 103 बसों का संचालन किया जा रहा है। जिले में होमगार्ड्स एनरोलमेंट की परीक्षा का आयोजन 25, 26 और 27 को होना है। इसमें शहर के छह केंद्रों पर करीब 12 हजार 996 परीक्षार्थी पहुंचेंगे। इसको लेकर प्रशासनिक स्तर से तैयारियों को पूरा कर लिया गया है। वहीं, परीक्षा देने को पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो, इसको लेकर रोडवेज डिपो के अफसरों की ओर से भी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिले में बदायूं व शाहजहांपुर सहित अन्य आसपास के क्षेत्रों से परीक्षार्थी यहां पहुंचेंगे। ऐसे में डिपो के अफसरों की ओर बदायूं के लिए पांच बसों का संचालन किया जाएगा। शाहजहांपुर मार्ग पर संचालित तीन बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इसके साथ ही आवश्यकता बढ़ने पर इन मार्गों पर अन्य बसों का संचालन किया जाएगा। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि परीक्षा को देखते हुए विभाग की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है। संवाद