दियोरिया। खेत पर गेहूं की फसल देखने गए दो भाइयों वहां पांच संदिग्ध लोगों को खड़ा देखा तो उनसे पूछताछ करने लगे, इस पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। दोनों भाइयों ने वहां से भागकर जान बचाई। सूचना पर ग्रामीणों के साथ ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। अब का कहना है कि कुछ लोगों ने खेत से जानवरों को भागने के लिए पटाखे दागे थे, जिस पर फायरिंग का शोर मच गया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव खरदाई निवासी कांशीराम वर्मा के मुताबिक उनका खेत मीरपुर रतनपुर गांव के पास है। मंगलवार रात नौ बजे वह भाई श्रीकृष्ण के साथ खेत गेहूं की फसल देखने गए थे। इस बीच पांच लोग वहां आए। उनकी गतिविधि संदिग्ध लगने पर उनसे पूछताछ की। इस पर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान करीब दस फायर किए। दोनों ने किसी तरह खेत से भागकर अपनी जान बचाई। गांव पहुंचकर ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी, इसकी सूचना पुलिस को भी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के खेतों में तलाशा, लेकिन कोई नहीं मिला। कोतवाल मनीराम सिंह ने बताया कि फायरिंग की सूचना पर कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। यूपी 112 पुलिस भी आ गई थी। आसपास के खेतों और रास्तों पर भी चेक किया, लेकिन कोई नहीं मिला। जांच पड़ताल में सामने आया है कि फसल को नुकसान पहुंचा रहे मवेशियों को भगाने के लिए कुछ लोगों ने पटाखे दागे थे। इसी पर फायरिंग का शोर मच गया था। कोई तहरीर भी नहीं दी गई है।