शारदीय नवरात्र
का बुधवार को हवन-पूजन के साथ समापन हो गया। देवी भक्तों ने कन्या भोज
कराकर व्रत का परायण किया। इस दौरान देवी मंदिरों में भक्तों को पूरे दिन
तांता लगा रहा।
नवरात्र के अंतिम दिन शहर के मां यशवंतरी देवी मंदिर,
महामातेश्वरी मंदिर, मां दुर्गा मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में बुधवार
सुबह से देवी भक्तों के पहुंचने सिलसिला शुरू हो गया। पौ फटते देवी मंदिर
में देवी भक्तों की कतारें लग गई।
सर्वाधिक भीड़ मां यशवंतरी देवी मंदिर
में रही। यहां सुबह से लेकर शाम तक देवी भक्तों की कतार लग रही थी। भक्तों
ने मंदिरों में पूजा अर्चना की। घरों में देवी भक्तों ने सुबह से ही हवन
पूजन की तैयारियां शुरू कर दी।
पुरोहितों को बुलाकर हवन पूजन किया और
उन्हें दक्षिणा देकर विदा किया। कन्या भोज कराने के बाद देवी भक्तों ने
देवी मंदिरों में देवी दर्शन किए और व्रत का परायण किया। मंदिरों में पूजा
अर्चना का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
पूरनपुर। नवरात्र की नौवीं पर
घरों में लोगों ने हवन कर कन्या भोज कराया। नगर के देवी स्थान मंदिर,
सीताराम मंदिर, ठाकुरद्वारा मंदिर, राधा माधव जगन्नाथ मंदिर, बड़े हनुमान
मंदिर आदि मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
घुंघचाई। गांव के
देवीस्थान मंदिर में यज्ञ और दुर्गा पूजन हुआ। संस्कार मोहनपुर के आचार्य
प्रमोद कुमार ने कराए। कार्यक्रम में संजय, रजनीश, हरपाल सिंह, नंद किशोर,
अरुण शुक्ला, प्रधान बृजेश शर्मा आदि मौजूद रहे।
बीसलपुर। श्रद्धालुओं
ने घरों में हवन किए और कन्या भोज कराया। दुर्गा मंदिर में इस मौके पर
विशेष हवन कराया गया। जिसमें दिनेश अग्रवाल, राकेश मित्तल, संजीव नाथ
अग्रवाल, रामप्रकाश मिश्रा, ओमप्रकाश, राकेश मिश्रा, छेदालाल जायसवाल,
ब्रह्मौतार अग्रवाल आदि मौजूद रहे। शाम को दुर्गा मंदिर से मां दुर्गा की
शोभायात्रा निकाली गई।
शोभा यात्रा में सबसे आगे मां दुर्गा का सिंहासन
सजाया गया था। उसके पीछे आकर्षक ढंग से सजाई गई भगवान शंकर, हनुमान आदि की
झांकियां चल रहीं थीं। शोभायात्रा में दुर्गा जी का अखाड़ा व महिला
कलाकारों का डांडिया नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।
बिलसंडा। रूपदेई
उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छात्राओं ने देवियों का स्वरूप धारण किया। इस
मौके पर प्रबंधक शिवेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य राजीव मौर्य, प्रिया
जायसवाल, सोनिया दीक्षित, गजारा बी, सुधीर सिंह, राज कुमार आदि मौजूद रहे।
हजारा।
नवरात्र के समापन पर कबीरगंज, गांधीनगर, गौतमनगर, शांतीनगर, विजयनगर,
राणाप्रतापनगर, नेहरूनगर, शास्त्रीनगर में दुर्गा पंडालों में श्रद्धालुओं
ने हवन-पूजन किया। जगह-जगह पर कन्या भोज कराया गया।
नवरात्र के समापन पर हुए गौरा-गौरी के विवाह
अमरैयाकलां।
नवरात्र के समापनथ पर गांवों में गौरा-गौरी का विवाह धूमधाम से मनाया गया।
तमाम लोग कागज और म्टिटी के चौकलों के साथ कुएं पर एकत्र हुए। संस्कार
कराने वाले पंडित मोतीराम ने बताया कि गांव में कुल 23 गौरा-गौरी का विवाह
हुआ।
इसके अलावा गांव खाता, महादिया, देवीपुर, प्रसादपुर, रंपुरा,
ककरौआ, नवदिया धनेश, सुंदरपुर में भी गौरा-गौरी का विवाह धूमधाम से मनाया
गया। उधर, गांव रघुनाथपुर में परंपरा के तहत गांव के प्राथमिक स्कूल के
समीप पूजन कर भोज किया गया। इस मौके पर ओम प्रकाश, रजत, जयलाल, रघुराई
वर्मा, वेदराम आदि मौजूद रहे।
108 कन्या भोज आज
पूरनपुर।
श्रीराधा माधव जगन्नाथ मंदिर में नवरात्र के समापन पर 22 अक्तूबर को 108
कन्याओं को भोज कराया जाएगा। जानकारी राधा माधव संकीर्तन मंडल के वेद
प्रकाश गुप्ता ने दी है।