पीलीभीत। सदर तहसील के कंजानाथ में फायर स्टेशन का निर्माण कराया जाएगा। भूमि का चयन करने के बाद डीएम की संस्तुति पर प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। जल्द ही इस पर मंजूरी मिलने की उम्मीद है। ऐसे में आग की घटनाओं पर काबू पाने में दमकल विभाग को आसानी होगी। उधर, बिलसंडा के फायर स्टेशन के लिए भी जमीन की तलाश तेज हो गई है।
जिले में आग की घटनाओं पर काबू पाने के लिए फायर स्टेशनों की संख्या बढ़ने पर जोर दिया जा रहा है। गर्मी के दिनों में फसलों में आग की घटनाएं पर काबू पाना विभाग के लिए चुनौती बना रहता है। जिला मुख्यालय के अलावा बीसलपुर और पूरनपुर को छोड़ शेष इलाकों में समय रहते दमकल की टीम नहीं पहुंच पाती हैं। आमजन को बड़े नुकसान का सामना भी करना पड़ता है। इस सबके मद्देनजर जिले में दमकल सेवाओं में विस्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसी दिशा में सदर तहसील के गांव कंजानाथ में अग्निशमन केंद्र के निर्माण के लिए भूमि का चयन किया गया है। शासन के मानक के अनुसार केंद्र के लिए 4148 वर्ग मीटर भूमि होनी चाहिए। इसके बाद अग्निशमन विभाग के पत्राचार के बाद डीएम के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने गांव में गाटा संख्या 282 में 4150 वर्ग मीटर जगह चिन्हित की। प्रस्ताव को मंजूरी के लिए डीएम की संस्तुति के बाद रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। जल्द ही प्रस्ताव पर मंजूरी मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। अग्नि शमन केंद्र बनने से क्षेत्र के लोगों को काफी राहत मिल सकेगी।