पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव पतिपुरा में बृहस्पतिवार सुबह गैस सिलिंडर के पाइप से रिसाव के कारण आग लग गई। इस घटना में घर के चार लोग झुलस गए हैं। इनमें से दो की हालत नाजुक बताई गई है।
सीताराम वर्मा ने बताया कि उनके परिवार की सुधा देवी बृहस्पतिवार सुबह करीब 7:30 बजे रसोई घर में खाना बना रही थी। अचानक गैस सिलिंडर के पाइप से रिसाव हुआ और आग लग गई। सुधा ने आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। उनकी चीख-पुकार सुनकर विपिन कुमार, विनीती देवी और शीतल देवी मौके पर पहुंचे।
इन लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। आग लगने से रसोई घर में रखा करीब दस हजार रुपये का सामान भी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाल संजीव शुक्ला दमकल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।