जिला अस्पताल से सटी शिवनगर कॉलोनी में गोबर-कूड़े के ढेर में लगी आग कुछ ही देर में सीएमओ कार्यालय से सटे मैदान तक पहुंच गई। वहां लगे बिजली के तार भी जल गए। इसकी सूचना मिलने पर सीएफओ ब्रह्मानंद दुबे के नेतृत्व में दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू किया। जिला अस्पताल परिसर में सीएमओ कार्यालय और मोर्चरी के पास कुछ हिस्सा खाली पड़ा हुआ है। इसके पीछे शिवनगर कॉलोनी के एक प्लॉट में गोबर का ढेर है। जिसमें शुक्रवार सुबह आग लग गई। आग की भीषणता बढ़ते ही बाउंड्री के दूसरी ओर अस्पताल परिसर में पहुंच गई और बिजली के तार व वहां रखे ट्रांसफार्मर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें उठती देख चीख पुकार मच गई। इसकी सूचना दमकल टीम को दी गई। जिस पर सीएफओ टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एक साथ फायर बिग्रेड की गाड़ी लगाकर आग पर बमुश्किल काबू किया गया। सीएफओ ब्रह्मानंद दुबे ने बताया कि आग के कारणों का पता नहीं लग सका है। हादसे में ट्रांसफार्मर या अन्य कोई आवश्यक सामान जल नहीं सका है। सिर्फ बिजली के तार जले हैं।