नवसृजित कलीनगर तहसील के विरोध में प्रदर्शन
वकीलों ने नवसृजित तहसील कलीनगर के विरोध में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में नवसृजित तहसील का पारित अध्यादेश जनहित में निरस्त कराने की मांग की गई है। प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष दामोदर यादव के नेतृत्व में तहसील कार्यालय पहुंचे वकीलों ने नवसृजित कलीनगर तहसील के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम श्रद्धा शांडिल्यायन को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि पूरनपुर तहसील के गांव को कम कर बनाई गई कलीनगर तहसील मात्र बारह किलोमीटर दूर है। जिसके अधिकतर गांव पूरनपुर तहसील मुख्यालय से नजदीक हैं। नवसृजित तहसील में सरकार पर धन का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। इसका कोई लाभ आम जनता को नहीं होगा। ज्ञापन में कहा गया कि पिछली सरकार द्वारा कलीनगर को तहसील बनाने का लिया गया निर्णय गलत है और नई तहसील की कोई जरुरत नहीं है। ज्ञापन में जांच करवाकर नवसृजित तहसील कलीनगर का पारित अध्यादेश निरस्त कराने की मांग की गई है। प्रदर्शन करने वालों में संजय सक्सेना अजीत, शिवराम सनाड्य, संजय पांडेय, आदर्श पांडेय, फजल अहमद, मोहम्मद मियां, अजीत मिश्रा, सत्यनारायण मिश्रा, रामेश्वर दयाल कुशवाहा, कामरान, महेश बाबू, मोहम्मद शाकिर, साजिद आदि रहे।