सदर तहसील विभाजन के विरोध में आठ दिन से कलेक्ट्रेट में वकीलों का चल रहा धरना विधायक रामसरन वर्मा ने मौके पर पहुंचकर समाप्त करा दिया। विधायक के प्रश्न के लिखित उत्तर में सरकार ने बताया है कि अमरिया को तहसील बनाने का कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है।
सदर तहसील के विभाजन के विरोध में कलेक्ट्रेट में बीते सोमवार से वकीलों का धरना संयुक्त बार के अध्यक्ष अवधेश मिश्रा के नेतृत्व में जारी था। दोपहर को बीसलपुर के विधायक रामसरन वर्मा धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने जिले में तहसीलों को बनाए जाने के बाबत सरकार से लिखित जवाब मांगा था। इसके उत्तर में राजस्व मंत्री शिवपाल सिंह ने बताया कि शासन में कलीनगर को तहसील बनाने का प्रस्ताव विचाराधीन है जबकि अमरिया को तहसील बनाने का कोई प्रस्ताव ही विचाराधीन नहीं है। रामसरन वर्मा ने कहा कि राजनीतिक लाभ के लिए सत्ता दल के लोग जनसामान्य को गुमराह कर रहे हैं और अमरिया तहसील बनने की झूठी अफवाह उड़ा रहे हैं। विधायक के समझाने पर वकीलों ने धरना स्थगित कर दिया। इस अवसर पर अवधेश मिश्रा, धीरेंद्र मिश्र, हेमंत मिश्र, राजकमल रस्तोगी, अमानउल्ला खां, लालमन वर्मा, अशोक कुमार शर्मा, कुलदीप अवस्थी, विद्याराम वर्मा, संजय बरूआ मौजूद रहे।