पीलीभीत। एक फाइनेंस कंपनी के मैनेजर ने पद से इस्तीफा देने के बाद 1.30 लाख रुपये का गबन कर लिया। शनिवार को सुनगढ़ी थाने में बरेली शाखा प्रबंधक ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
फिनकेयर स्माल फाइनेंस बैंक लिमिटेड के शाखा प्रबंधक प्रताप शाही ने बताया कि उनकी कंपनी की एक शाखा शहर के गांधी स्टेडियम रोड पर है। इसमें थाना न्यूरिया क्षेत्र के गांव न्यूरिया खुर्द पंडरी निवासी अजय पाल मैनेजर था। 15 अप्रैल 2023 को उसने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उसने 1.30 लाख रुपये का गबन कर लिया।
मामले की जानकारी मिलने पर शाखा प्रबंधक प्रताप शाही ने मामले की शिकायत एसपी अतुल शर्मा से की। एसपी के आदेश पर सुनगढ़ी पुलिस ने अजय पाल के विरुद्ध धोखाधड़ी और गबन समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। इंस्पेक्टर संजीव शुक्ला ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। विवेचना की जा रही है।