पूरनपुर। गांव जटपुरा के उच्च प्राथमिक स्कूल में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी विनय कुमार सिंह को बीएसए ने निलंबित कर दिया है। स्कूल में सफाई करने से इनकार करने और छात्र की पिटाई के मामले में हुई शिकायत के बाद शिकायतकर्ता ने कार्रवाई से इन्कार कर दिया था। मगर खंड शिक्षा अधिकारी को जांच में आरोप सही मिले थे।
इंचार्ज शिक्षक बृजेंद्र कुमार पांडेय ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर अनुशासनहीनता समेत कई आरोप लगाए थे। इंचार्ज शिक्षक ने अपना स्थानांतरण अन्य किसी स्कूल मेंं कराने की मांग की थी। वहीं स्कूल में सफाई से इन्कार करने और छात्र की पिटाई की घटना आठ अक्तूबर को हुई थी।
छात्र के पिता सर्वेश सिंह ने चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की शिकायत अफसरों और पुलिस से की थी। जांच में खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह को सभी आरोप सही मिले थे। बाद में शिकायतकर्ता ने शपथ पत्र देकर कार्रवाई से इन्कार कर दिया था। इस पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
स्कूल के इंचार्ज शिक्षक बृजेंद्र पांडेय की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लेकर बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए। बीएसए अमित कुमार सिंह ने चतुर्थश्रेणी कर्मचारी को निलंबित कर दिया। खंड शिक्षा अधिकारी विजय वीरेंद्र सिंह ने बताया कि कर्मचारी को निलंबन आदेश प्राप्त करा दिया गया है।