पीलीभीत। बरेली-सितारगंज हाईवे प्रकरण में किसानों को मुआवजा देने की रफ्तार बढ़ गई है। अमरिया क्षेत्र के छह किसानों की 93 लाख रुपये की मुआवजा पत्रावली को पास कर दिया गया है। इससे किसानों के खातों में जल्द ही धनराशि पहुंच जाएगी। भूअधिग्रहण में घपलेबाजी खुलने के बाद मुआवजा देने की प्रक्रिया धीमी पड़ गई थी।
बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे के भूअधिग्रहण में घपलेबाजी का मामला सामने आने के बाद शासन स्तर से जांच कराई गई। घपलेबाजी की बात प्रकाश में आने के बाद किसानों और अन्य लोगों के मुआवजा देने की प्रक्रिया सुस्त पड़ गई।
पूरी पत्रावली बरेली तलब कर ली गई। पत्रावली वापस आईं तो गहनता से जांच की गई। जांच के बाद अब विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी की ओर से अमरिया क्षेत्र के छह किसानों की मुआवजा पत्रावली को हरी झंडी दे दी गई है। इसमें कुल मुआवजे की कुल राशि 93 लाख रुपये है।
एसएलएओ और सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर ने बताया 93 लाख रुपयों में अमरिया क्षेत्र के जगदीश सिंह को 33 लाख, ईश्वर प्रसाद को 20 लाख, हामिद अली खां को 20 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा तीन भाइयों नेमचंद्र, चंद्रपाल और उमेश चंद्र को भी छह- छह लाख रुपये मुआवजा मिलेगा। एसएलएओ ने बताया कि जल्द ही किसानों के खातों में धनराशि पहुंच जाएगी।