बीसलपुर(पीलीभीत)। गांव रसिया खानपुर में डेढ़ सप्ताह से तेज बुखार का प्रकोप है। तेज बुखार से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 100 से अधिक बीमार हैं। मामला सुर्खियों में आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
गांव रसिया खानपुर की पूर्व प्रधान यासमीन बेगम ने बताया कि उनके गांव में पिछले डेढ़ सप्ताह से तेज बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। कई लोग इस बुखार की चपेट में हैं। बताया जाता है कि ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी थी, फिर भी स्वास्थ्य टीम गांव नहीं पहुंची।
गांव के नाजिम हुसैन चिश्ती ने बताया कि उनके चाचा इज़रातुल्ला चिश्ती (65) पांच दिन पूर्व तेज बुखार की चपेट में आ गए थे। उन्हें बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई। नाजिम ने बताया कि अस्पताल के डॉक्टर ने डेंगू-बुखार से मौत होने की पुष्टि की है।
गांव के शौकत हुसैन ने बताया कि उनकी बहन तसर्रुम (18) चार दिन पूर्व तेज बुखार की चपेट में आ गईं थीं। उन्हें भी बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार की दोपहर उनकी मौत हो गई। चार दिन पूर्व जान मोहम्मद के 20 दिन के बेटे की घर पर ही बुखार से मौत हो गई।
पांच दिन पहले रामाश्रय यादव की पत्नी सुनीता देवी (45) की बरेली के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई। बताया जाता है कि गांव के काफी लोग तेज बुखार की चपेट में हैं। सभी मरीजों का बरेली के अलग-अलग निजी अस्पतालों में उपचार चल रहा है। पूर्व प्रधान का कहना है कि गांव का शायद ही कोई ऐसा घर हो, जिसमें कोई ना कोई बुखार से पीड़ित न हो।
गांव वाले इतने भयभीत हैं कि साधारण बुखार आने पर भी वे लोग उसे डेंगू मानकर बरेली में उपचार कराने चले जाते हैं। गांव में गंदगी भी काफी अधिक है। लोगों का मानना है की गंदगी की वजह से बुखार फैला हुआ है। इस बाबत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। गांव में टीम भेजी जा रही है।
फोटो-9
स्वास्थ्य टीम ने मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां बांटीं
बीसलपुर। गांव रसिया खानपुर में बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची। टीम ने 152 बुखार पीड़ितों का परीक्षण करके दवाई दी।
शिविर में 40 लोगों की डेंगू, टाइफाइड और मलेरिया की जांच हुई, जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव है। टीम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की डॉ. ललिता रस्तोगी ,फार्मासिस्ट देवेंद्र गंगवार, नेत्र परीक्षण अधिकारी देवेंद्र कुमार और वार्ड बॉय अनमोल कुमार शामिल रहे। शिविर सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक चला। शिविर प्रभारी डॉ. ललित ने बताया कि रिपोर्ट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. लेखराज गंगवार को दे दी गई है। संवाद
फोटो2
ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग के विरोध में किया प्रदर्शन
बीसलपुर। गांव रसिया खानपुर के ग्रामीणों ने डेढ़ सप्ताह से तेज बुखार का प्रकोप होने के बाद भी सुधि नहीं लेने पर बृहस्पतिवार को गांव में स्वास्थ्य विभाग के विरोध में प्रदर्शन किया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय के पास एकत्र हुए ग्रामीणों ने कहा कि गांव में तेज बुखार का प्रकोप फैला हुआ है। बुखार की चपेट में आकर चार लोगों की मौत हो चुकी है। तमाम लोग बीमार हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने गांव में आने की जहमत नहीं उठाई। ग्रामीणों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के प्रति काफी रोष दिखा। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की अनदेखी के चलते गंदगी काफी बढ़ गई है। इसी वजह से गांव में संक्रामक बुखार फैला है। संवाद
बीसलपुर के गांव रसिया खानपुर के तसर्रम का फाइल फोटो
बीसलपुर के गांव रसिया खानपुर के तसर्रम का फाइल फोटो
बीसलपुर के गांव रसिया खानपुर के तसर्रम का फाइल फोटो