पीलीभीत। जिला महिला अस्पताल में शुक्रवार सुबह रुपये के लेनदेन के विवाद में महिला कर्मी ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास किया। गनीमत रही कि मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने महिला से पेट्रोल की बोतल हाथ से छीनकर मामला सुलझाया। सूचना पर सीओ और सीएमएस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। सीएमएस का कहना है कि पूरे प्रकरण की रिपोर्ट बनाकर प्राचार्य को सौंपी गई है।
जिला अस्पताल के एमसीएच में पूर्व में भी विवाद सामने आते रहे हैं। शुक्रवार सुबह टीकाकरण कक्ष में मरीज सहायक के पद पर तैनात मीना कुमारी घर से एक बोतल में पेट्रोल लाई और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आत्महत्या का प्रयास करने लगी। इस बीच ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी व महिला होमगार्ड मौके पहुंच गए और महिला से बोतल छीनकर आत्महत्या के प्रयास का कारण जाना। इसके बाद महिला कर्मी को सीएमएस डॉ. राजेश कुमार के पास ले जाया गया।
पीड़िता मीना कुमारी ने बताया कि उनके साथ कार्यरत महिला सहायक सुनीता व उनके बेटे अनुराग ने सिंगापुर में स्टडी वीजा के नाम पर उनसे लगभग नौ लाख रुपये ले लिए। अब वह उनके रुपये वापस करने पर टालमटोली कर रहे हैं। इससे आहत होकर उसने ऐसा कदम उठाया। सीओ अजय यादव ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई गई है। यदि इस मामले में कोई तहरीर मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी। इधर, सीएमएस डॉ. राजेश कुमार ने दोनों कर्मियों को निजी विवादों को अस्पताल के अंदर दोबारा नहीं करने की चेतावनी दी है। संवाद
दोनों महिला कर्मियों के बीच रुपये लेनदेन का निजी मामला है। चूंकि अस्पताल के अंदर विवाद हुआ है। इसलिए संबंधित रिपोर्ट प्राचार्य डॉ. संगीता अनेजा को सौंपी गई है।
- डॉ. राजेश कुमार, अधीक्षक जिला महिला अस्पताल