सितारगंज हाइवे पर कंटेनर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार महिला गिरकर कंटेनर के नीचे आ गई। उसकी मौत हो गई। बाइक सवार पति और बेटी मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अमरिया थाना क्षेत्र के माधोपुर निवासी खेमकरन सितारगंज के सिटकुल की एक नाट्य मंडली में काम करते हैं। सोमवार को वह अपनी पत्नी 24 वर्षीय उषा देवी और चार साल की बेटी संध्या को लेकर बाइक से सिटकुल जा रहे थे। हाइवे पर खजुरिया तालाब के पास सामने से आ रहे कंटेनर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उषा देवी सड़क पर गिर गईं और कंटेनर के नीचे आ गईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार पति और बेटी मामूली रूप से घायल हुए। हादसे के बाद ड्राइवर कंटेनर छोड़कर भाग गया। एसओ रेहान खां ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कंटेनर को कब्जे में ले लिया गया है।